नगरी में चोरों का तांडव, एक रात में कई दुकानों पर धावा

0

 

नगरी में चोरों का तांडव, एक रात में कई दुकानों पर धावा

ताले-शटर तोड़कर वारदात, लक्ष्मी एजेंसी से 7-8 हजार की नकदी पार; साड़ी दुकान और बैंक को भी बनाया निशाना, CCTV में कैद हुई करतूत


उत्तम साहू 

नगरी। नगरी-सिहावा मुख्य मार्ग पर गुड़िहारी तालाब के आगे स्थित कॉम्प्लेक्स में बीती रात चोरों ने एक के बाद एक कई दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने बेखौफ होकर दुकानों के ताले और शटर तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान लक्ष्मी एजेंसी से करीब 7 से 8 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। वहीं साड़ी दुकान और स्टेट बैंक के ताले भी टूटे मिले।

घटना से जुड़े सामने आए CCTV वीडियो में एक संदिग्ध व्यक्ति सब्बल की मदद से शटर को नीचे से उठाकर खोलने की कोशिश करता नजर आ रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। एक ही कॉम्प्लेक्स में कई दुकानों को निशाना बनाए जाने से सुबह घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगरी-सिहावा जैसे प्रमुख मार्ग पर स्थित व्यावसायिक परिसर में चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल गए। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद रात के समय पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

घटना के बाद संबंधित दुकानदारों ने नगरी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों और सामने आए वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

व्यापारियों का कहना है कि यदि मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त नहीं बढ़ाई गई तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त तेज करने, व्यावसायिक इलाकों में निगरानी बढ़ाने और वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और कुल कितने की चोरी हुई है। लेकिन एक ही रात में कई दुकानों के ताले टूटने की घटना ने नगरी के व्यापारिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को जरूर कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !