अमाली स्कूल में बच्चों को कराया गया नेवता भोज
संबलपुर की महिलाओं और पालकों ने बच्चों को खिलाए गरमा-गरम समोसे, मिक्सचर और मिठाई
नगरी। नगरी के समीपस्थ शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय अमाली में विगत दिनों नेवता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम संबलपुर की महिलाओं एवं पालकों की ओर से स्कूली छात्र-छात्राओं को गरमा-गरम समोसे, मिक्सचर और मिठाई खिलाई गई। स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
नेवता भोज का आयोजन श्रीमती द्वारिका बाई, दुलेश्वरी, प्रीति, पूर्णिमा एवं अन्य महिलाओं के सौजन्य से किया गया। इस पहल के माध्यम से महिलाओं और पालकों ने स्कूली बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए सामुदायिक सहभागिता और आपसी सहयोग का संदेश दिया।
शाला परिवार ने इस सराहनीय पहल के लिए सभी महिलाओं एवं पालकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। विद्यालय परिवार ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में खुशी का माहौल बनता है तथा विद्यालय और समुदाय के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत होता है।
कार्यक्रम के अवसर पर प्रधान पाठक हर्षलता साहू, शिक्षिका लक्ष्मी साहू, श्वेता गौर, एस. नाग, चंद्रकुमारी नवरंगे, गंगा नवरंग सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

