मगरलोड..नारधा में साइबर ठगी से बचाव का पाठ पढ़ा गई पुलिस

0

 

मगरलोड..नारधा में साइबर ठगी से बचाव का पाठ पढ़ा गई पुलिस

गांधी जयंती पर चला जागरूकता अभियान, OTP से लेकर डिजिटल अरेस्ट तक बताए बचाव के तरीके


मगरलोड। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को मगरलोड पुलिस ने ग्राम नारधा में साइबर जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के जरूरी उपाय बताए। पुलिस ने लोगों को समझाया कि डिजिटल सुविधा के साथ सतर्कता बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी सी लापरवाही साइबर ठगी का कारण बन सकती है।

धमतरी पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान के तहत 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में नारधा में पुलिस टीम ने लोगों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों और उनसे बचाव की जानकारी दी।

अभियान के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से OTP, UPI PIN, CVV और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। ऑनलाइन भुगतान करने से पहले प्राप्तकर्ता की जानकारी जांचने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा सोशल मीडिया अकाउंट और बैंकिंग संबंधी जानकारी को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।

पुलिस ने साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित बैंक अथवा सेवा प्रदाता को सूचना देने की बात कही। इसके साथ ही फिशिंग, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड और 'डिजिटल अरेस्ट' जैसी ठगी के तरीकों से भी लोगों को सावधान किया गया।

धमतरी जिले में करेली बड़ी के साथ कुरूद, रुद्री, नगरी, अर्जुनी, कुकरेल, मगरलोड, नारधा, भखारा, बिरेझर, दुगली, अकलाडोंगरी और बोराई सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभियान के माध्यम से नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि जागरूकता और सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !