GeM पोर्टल से शासकीय खरीदी होगी सरल और पारदर्शी, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

0

 

GeM पोर्टल से शासकीय खरीदी होगी सरल और पारदर्शी, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

कलेक्टोरेट में आयोजित कार्यशाला में खरीदी प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की दी गई जानकारी


उत्तम साहू 

धमतरी, 17 अक्टूबर 2026। शासकीय विभागों में खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टोरेट धमतरी के सभाकक्ष में गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के उपयोग एवं क्रय प्रक्रिया पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को पोर्टल के माध्यम से सामग्री एवं सेवाओं की खरीदी से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यशाला में विशेषज्ञ श्री तिवारी ने GeM पोर्टल के माध्यम से शासकीय खरीदी की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया। उन्होंने पोर्टल के प्रभावी उपयोग, क्रय संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं तथा खरीदी के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। साथ ही निर्धारित नियमों के अनुरूप खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के आवश्यक तरीकों से अवगत कराया।

इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने GeM पोर्टल के उपयोग और खरीदी प्रक्रिया से संबंधित अपनी शंकाएं एवं व्यावहारिक कठिनाइयां विशेषज्ञ के समक्ष रखीं। विशेषज्ञ ने उनकी समस्याओं का समाधान करते हुए प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

कार्यशाला में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, धमतरी के महाप्रबंधक श्री लोकपाल खंडेकर एवं प्रबंधक श्री जगमोहन एक्का उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में जिले के लगभग सभी शासकीय विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।


पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को मिलेगा बढ़ावा

GeM पोर्टल के माध्यम से शासकीय खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ प्रतिस्पर्धात्मक व्यवस्था को बढ़ावा मिलता है। इससे क्रय प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने और निर्धारित नियमों के अनुरूप खरीदी संपन्न करने में सहायता मिलती है।

प्रशिक्षण कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को GeM पोर्टल के उपयोग में दक्ष बनाना तथा खरीदी प्रक्रिया की स्पष्ट समझ विकसित करना था। इससे शासकीय विभागों में सामग्री एवं सेवाओं की खरीदी के दौरान आने वाली तकनीकी और व्यावहारिक बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी। साथ ही खरीदी प्रक्रिया को अधिक सुगम, समयबद्ध और पारदर्शी बनाने की दिशा में भी यह प्रशिक्षण उपयोगी साबित होगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !