नगरी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
बाजारपारा स्थित घर से बरामद हुई हाथ भट्टी की शराब, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
उत्तम साहू
नगरी। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 17 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम ने नगरी के ग्राम बाजारपारा में दबिश देकर 10 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त नगरी की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने आरोपी के निवास पर छापेमारी कर 10 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद की। इस मामले में आरोपी आशिक गायकवाड़ (35 वर्ष) के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59-क के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक जितेंद्र उइके, प्रीति कुशवाहा, अजय राज कश्यप, मुख्य आरक्षक मुरलीधर सोनी, महेश साहू, आरक्षक भूषण वर्मा, अरविंद कुमार नेताम एवं वाहन चालक शैलेन्द्र का सराहनीय योगदान रहा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल आबकारी विभाग को सूचित करें।

