धमतरी में कल होगा ‘व्यापार से बाजार तक’ सेमिनार, विशेषज्ञ सिखाएंगे कारोबार को ब्रांड बनाने के गुर
एआई, आधुनिक मार्केटिंग, ब्रांडिंग और व्यवसाय विस्तार की रणनीतियों पर मिलेगा मार्गदर्शन, व्यापारियों व युवाओं को मिलेगा लाभ
उत्तम साहू
धमतरी, 17 नवंबर 2026। स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों और स्टार्टअप संचालकों को आधुनिक व्यावसायिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र धमतरी द्वारा 18 नवंबर को विशेष सेमिनार ‘व्यापार से बाजार तक’ (From Business to Brand) का आयोजन किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञों द्वारा व्यापार को एक मजबूत ब्रांड के रूप में विकसित करने और बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने के तरीके बताए जाएंगे।
सेमिनार का आयोजन स्वर्गीय संतोष नेताम महानदी सभागार, कम्पोजिट बिल्डिंग, जिला कलेक्ट्रेट धमतरी में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता चार्टर्ड अकाउंटेंट, लेखक एवं बिजनेस एजुकेटर सीए सौरभ केला होंगे। वे व्यावसायिक विकास, प्रभावी विपणन और कारोबार को विस्तार देने की रणनीतियों पर मार्गदर्शन देंगे।
सेमिनार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के व्यावहारिक उपयोग, बिक्री एवं स्टॉक प्रबंधन, ग्राहक संबंध प्रबंधन (सीआरएम), आंकड़ों के आधार पर व्यावसायिक निर्णय, ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और ग्राहक बनाए रखने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही सीए सौरभ केला की पुस्तक ‘दुकान से ब्रांड तक’ में बताए गए व्यावसायिक सूत्रों को भी उदाहरणों के माध्यम से समझाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अधिकारी तथा सीजीएस नेटवर्क के विशेषज्ञ भी उद्यमिता, स्टार्टअप स्थापना और व्यवसाय विकास की जानकारी देंगे। इसके अलावा केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले ऋण, अनुदान, सब्सिडी और वित्तीय सुविधाओं के साथ छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति एवं स्टार्टअप नीति के प्रावधानों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया जाएगा।
यह सेमिनार दुकानदारों, खुदरा व्यापारियों, एमएसएमई संचालकों, स्टार्टअप संस्थापकों और नया व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए उपयोगी रहेगा। इसका उद्देश्य स्थानीय कारोबार को पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़ाकर आधुनिक तकनीक, नवाचार और बेहतर प्रबंधन से जोड़ना है।
सेमिनार में शामिल होने एवं अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के मोबाइल नंबर 83032-85157, 81037-18222 तथा सीजीएस नेटवर्क के नंबर 93017-27212 पर संपर्क किया जा सकता है।

