राइस मिल के स्टॉक सत्यापन में मिला 885 कट्टा अतिरिक्त धान, मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई
भुसरेंगा स्थित भंसाली राइस मिल का संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, पंचनामा बनाकर धान किया जब्त
उत्तम साहू
धमतरी, 17 नवंबर 2026। जिले में धान के अवैध भंडारण एवं खरीदी-बिक्री में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कुरुद विकासखंड के ग्राम भुसरेंगा स्थित भंशाली राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान अभिलेखों में दर्ज मात्रा से 885 कट्टा धान अतिरिक्त पाया गया।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को नायब तहसीलदार कुरुद, खाद्य निरीक्षक एवं मंडी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने भंशाली राइस मिल का निरीक्षण किया। इस दौरान मिल परिसर में रखे धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर संबंधित दस्तावेजों से मिलान किया गया। जांच में अभिलेखों की तुलना में 885 कट्टा धान अधिक मिलने पर टीम ने इसे अनियमितता मानते हुए मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर धान की जप्ती की कार्रवाई पूरी की। हालांकि, जप्त धान को नियमानुसार मिल संचालक की सुपुर्दगी में दिया गया है।
प्रशासन द्वारा जिले के राइस मिलों एवं धान भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें स्टॉक में अंतर, अवैध भंडारण और अनियमित क्रय-विक्रय की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

