धमतरी जिले में सड़क विकास को मिली नई रफ्तार, कई मार्गों पर निर्माण और डामरीकरण तेज
कुरमातराई-अरकार मार्ग पर बीटी सड़क निर्माण शुरू, 10 प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर चल रहा काम; फोरलेन सड़कों से आवागमन होगा आसान
उत्तम साहू
धमतरी, 18 नवंबर 2026। जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए निर्माण एवं उन्नयन कार्यों में तेजी लाई जा रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से नई सड़कों के निर्माण, पुरानी सड़कों के डामरीकरण, चौड़ीकरण और नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। इसी कड़ी में कुरमातराई-अरकार मार्ग पर बीटी सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। वहीं जिले के कई अन्य मार्गों पर भी निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं।
जिले में यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए फोरलेन, टू-लेन और अन्य प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें सिहावा चौक से कोलियारी तक 5 किलोमीटर फोरलेन सड़क तथा मुजगहन से रत्नाबांधा चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण शामिल है। आमदी में 3.50 किलोमीटर फोरलेन सड़क और अंबेडकर चौक से गंगरेल तक 11.50 किलोमीटर फोरलेन एवं टू-लेन सड़क निर्माण की निविदा प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा कुरुद-चर्रा-छाती-उडे़ना-झिरिया-कुण्डेल-भोथली-बोंडरा-संबलपुर मार्ग के लगभग 16 किलोमीटर हिस्से के निर्माण की योजना है। धमतरी से बागतराई मार्ग के 2.80 किलोमीटर, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग, गुजरा से रीवागहन मार्ग के 2.80 किलोमीटर, देमार से बरसी मार्ग के 4.90 किलोमीटर तथा सिविल लाइन कॉलोनी से धमतरी पहुंच मार्ग पर भी निर्माण एवं उन्नयन कार्य किए जा रहे हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्य मार्गों से संपर्क बेहतर होगा। किसानों को कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने, व्यापारियों को परिवहन सुविधा देने तथा विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। बेहतर सड़क नेटवर्क से पर्यटन और स्थानीय रोजगार की गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में सड़क अधोसंरचना का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। स्वीकृत एवं प्रगतिरत सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, डामरीकरण और पुल-पुलियों के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं।
जिले में सड़क विकास की इन परियोजनाओं से आने वाले समय में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। साथ ही धमतरी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

