धमतरी के कोतवाल बाबा कालभैरव का जन्मोत्सव 1 दिसंबर को, दिनभर होंगे धार्मिक आयोजन
विशेष अभिषेक, त्रिकुंडीय यज्ञ-हवन, महाप्रसादी और भजन संध्या से भक्तिमय होगा इतवारी बाजार स्थित मंदिर परिसर
धमतरी। धर्म, न्याय और भक्तों की रक्षा के अधिष्ठाता भगवान शिव के रौद्र एवं दिव्य स्वरूप बाबा श्री कालभैरव का भव्य जन्मोत्सव आगामी 1 दिसंबर 2026, मंगलवार को धमतरी के इतवारी बाजार स्थित कालभैरव मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। धमतरी के कोतवाल बाबा के रूप में पूजनीय श्री कालभैरव के जन्मोत्सव पर श्रीराम मंदिर न्यास एवं बाबा कालभैरव मंदिर समिति द्वारा दिनभर विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजन की शुरुआत सुबह 7 बजे बाबा के विशेष अभिषेक से होगी। इसमें जल, मदिरा, सरसों तेल, गन्ने के रस एवं विभिन्न औषधियों से अभिषेक कर बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही त्रिकुंडीय यज्ञ-हवन एवं विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न होगा।
दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं के लिए भोजन महाप्रसादी एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा। वहीं दोपहर 12:30 बजे से कलारतराई (धमतरी) के बावरा म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 4 बजे डोडकी (धमतरी) की आदर्श मानस मंडली द्वारा प्रभु श्रीराम के पावन चरित्रों की संगीतमय प्रस्तुति होगी।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में शाम 6:30 बजे बाबा श्री कालभैरव की भव्य महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात शाम 7:30 बजे से रात्रि तक श्री श्याम संकीर्तन समिति, धमतरी द्वारा भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से परिवार एवं इष्ट मित्रों सहित जन्मोत्सव में शामिल होकर बाबा के श्रीचरणों में शीश नवाने तथा पूजन-अर्चन एवं महाप्रसादी का लाभ लेने की अपील की है।
मान्यता है कि बाबा श्री कालभैरव की आराधना से भय और संकटों का नाश होता है तथा भक्तों को सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहेगा।

