त्योहारों की आड़ में अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 1.46 लाख के पटाखे जब्त
नगरी और मगरलोड में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण पकड़ा, बिरेझर में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार; तीन आरोपियों पर कार्रवाई
धमतरी, 05 नवंबर 2026। त्योहारी सीजन में अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नगरी, मगरलोड और बिरेझर में एक साथ कार्रवाई की। पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने वाले दो आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 46 हजार 500 रुपये के पटाखे जब्त किए, वहीं बिरेझर में अवैध शराब बेचते एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। तीनों मामलों में विस्फोटक अधिनियम और आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
नगरी में दुकान से मिले 1.30 लाख के पटाखे
थाना नगरी क्षेत्र के ग्राम फरसिया में घर स्थित दुकान में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री किए जाने की सूचना पर पुलिस ने निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान उदित नारायण सिन्हा, निवासी फरसिया के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के करीब 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 82/2026, धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
मगरलोड में बेकरी-किराना दुकान से पटाखे बरामद
थाना मगरलोड पुलिस ने भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में दबिश देकर भानूप्रताप साहू (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 मगरलोड के कब्जे से एक कार्टून में रखे विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद किए। जब्त पटाखों की कीमत 16 हजार 500 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत कार्रवाई की गई।
बिरेझर में शराब बेचते युवक को पकड़ा
चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम कंचना नाला पुल के पास घेराबंदी कर प्रेम कुमार चतुर्वेदी (20 वर्ष), निवासी कंचना को अवैध रूप से देसी शराब बेचते पकड़ा। उसके कब्जे से 11 पौवा देसी शराब, जिसकी कीमत 1,100 रुपये है, और बिक्री की 150 रुपये की रकम जब्त की गई। कुल 1,250 रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 375/2026, धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
अवैध कारोबारियों को पुलिस की चेतावनी
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से बिना वैध लाइसेंस पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण या क्रय-विक्रय नहीं करने की अपील की है। अवैध शराब अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को देने कहा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
त्योहारी माहौल में आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

