राजोत्सव में प्रशिक्षणार्थियों के हुनर ने बिखेरी चमक, उत्पादों की हुई अच्छी बिक्री

0

 

राजोत्सव में प्रशिक्षणार्थियों के हुनर ने बिखेरी चमक, उत्पादों की हुई अच्छी बिक्री

बड़ौदा आरसेटी के स्टॉल पर करीब 10 हजार रुपये के उत्पादों का विक्रय, कौशल प्रशिक्षण से युवाओं को मिल रहा स्वरोजगार का अवसर


उत्तम साहू 

धमतरी। जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में स्वरोजगार और कौशल विकास की पहल आकर्षण का केंद्र रही। एकलव्य खेल परिसर में आयोजित राजोत्सव में बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (बड़ौदा आरसेटी), धमतरी द्वारा विशेष प्रदर्शनी एवं विक्रय स्टॉल लगाया गया। यहां संस्थान से प्रशिक्षित हितग्राहियों ने अपने हुनर से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया। स्टॉल पर लगभग 10 हजार रुपये के उत्पादों की बिक्री हुई, जो प्रशिक्षणार्थियों की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदम का परिचायक है।

राजोत्सव के मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सहित कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए युवाओं को अपने कौशल के आधार पर स्वरोजगार स्थापित करने, उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा विपणन के नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

बड़ौदा आरसेटी के स्टॉल पर होममेड अगरबत्ती, मोमबत्ती, पापड़, अचार, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, सॉफ्ट टॉयज, साबुन, फिनाइल और वाशिंग पाउडर सहित विभिन्न उपयोगी उत्पाद प्रदर्शित किए गए। आगंतुकों से मिले सकारात्मक प्रतिसाद ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाया। यह आयोजन उनके लिए अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने, ग्राहकों से सीधे संवाद करने और व्यावसायिक पहचान बनाने का अवसर बना।


रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता की राह

बड़ौदा आरसेटी धमतरी द्वारा युवाओं और इच्छुक हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई, उद्यमिता विकास, प्लंबिंग, राजमिस्त्री, फास्ट फूड स्टॉल संचालन, इलेक्ट्रिकल कार्य, मुर्गीपालन, मोमबत्ती निर्माण, पशुपालन, असिस्टेंट बुककीपर और ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक कौशल के साथ व्यवसाय शुरू करने और संचालित करने की जानकारी भी दी जाती है।

वहीं, जिला परियोजना आजीविका महाविद्यालय धमतरी में असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, एयर कंडीशनर फील्ड टेक्नीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, जल वितरण संचालक, रिटेल सेल्स असिस्टेंट, टैक्सी ड्राइवर, कंप्यूटर एवं पेरिफेरल्स टेक्नीशियन, डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर और सिलाई मशीन ऑपरेटर जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

जिले में कौशल विकास और आजीविका संवर्धन के लिए संचालित इन पहलों से युवाओं को रोजगार के साथ स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। राजोत्सव में प्रशिक्षणार्थियों की सहभागिता ने साबित किया कि उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर स्थानीय हुनर आजीविका का मजबूत माध्यम बन सकता है। यह पहल आत्मनिर्भर धमतरी और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !