तस्करों के दुस्साहस की हद! 2 करोड़ का गांजा लावारिस छोड़ फरार, टीआई को कार से कुचलने की कोशिश
केशकाल से कांकेर तक 30 किलोमीटर चला पुलिस-तस्करों के बीच फिल्मी पीछा, कचरे के ढेर में गांजे की बोरियां फेंककर भागे आरोपी
कांकेर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए देर रात फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश की। केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक पुलिस और तस्करों के बीच पीछा चलता रहा। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने का प्रयास किया। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि करीब दो करोड़ रुपये कीमत का गांजा लावारिस हालत में बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार के साथ पायलट वाहन के रूप में टाटा वैक्सीन गाड़ी चल रही थी। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन तस्करों ने रुकने के बजाय भागने का रास्ता चुना। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। कार उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उन्हें चोट लगी।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्कर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गांजे से भरी बोरियों को कचरे के ढेर में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे की बोरियां बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
घटना ने एक बार फिर गांजा तस्करी के नेटवर्क और तस्करों के बढ़ते दुस्साहस को उजागर किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

