धमतरी भाजपा जिला कार्यालय में जनजाति गौरव दिवस की कार्यशाला संपन्न, आगामी आयोजनों की बनी रूपरेखा
जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
धमतरी। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय स्थित गोविंद सारंग भवन में जनजाति गौरव दिवस के आयोजन को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला एवं बैठक आयोजित की गई। कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, संगठनात्मक तैयारियों और आयोजन को भव्य एवं उत्साहपूर्ण बनाने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा जिला प्रभारी डॉ. किरण बघेल, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, जिला महामंत्री राकेश साहू, जनजाति गौरव दिवस कार्यशाला जिला प्रभारी दीपेश दीवान, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मोहन पुजारी तथा प्रदेश प्रशिक्षण सहप्रभारी ईश्वरी नेताम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रदेश सोशल मीडिया सहप्रभारी चित्रांश नागवंशी, जनपद अध्यक्ष महेश गोटा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला महामंत्री श्यामा मंडावी एवं रामखिलावन कंवर, पार्षद गजेन्द्र कंवर, नागेंद्र बोरझा, केशव टेकाम, जगेश्वर नेताम, रूपाली ध्रुव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यशाला में जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न संगठनात्मक एवं कार्यक्रम संबंधी जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजातीय समाज की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों के योगदान तथा जनजातीय अस्मिता के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने इन विषयों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर आयोजन करने की बात कही।
उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जनजाति गौरव दिवस को उत्साह और भव्यता के साथ मनाने तथा संगठनात्मक तैयारियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।


