तेलीनसत्ती पंचायत की मांग पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा की त्वरित पहल, विकास कार्य शुरू कराने के दिए निर्देश

0

 

तेलीनसत्ती पंचायत की मांग पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा की त्वरित पहल, विकास कार्य शुरू कराने के दिए निर्देश



15वें वित्त आयोग की राशि से प्रस्तावित कार्यों में देरी का मामला पहुंचा जिला पंचायत अध्यक्ष तक, अधिकारियों से ली प्रकरण की जानकारी


उत्तम साहू 

धमतरी। ग्राम पंचायत तेलीनसत्ती में 15वें वित्त आयोग की राशि से प्रस्तावित विकास कार्यों को शुरू कराने की मांग पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने त्वरित पहल की है। पंचायत पदाधिकारियों द्वारा आवेदन सौंपे जाने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की जानकारी ली और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए विकास कार्यों को प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

बुधवार को ग्राम पंचायत तेलीनसत्ती के सरपंच एवं पंचगण जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे और अध्यक्ष अरुण सार्वा को आवेदन सौंपकर लंबित विकास कार्यों के संबंध में आवश्यक पहल करने की मांग की। पंचायत पदाधिकारियों ने बताया कि लगभग छह माह पूर्व ग्रामसभा एवं ग्राम पंचायत की मासिक बैठक में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य कराने का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया था। इसके बाद प्रस्ताव एवं संबंधित आवेदन जनपद पंचायत धमतरी में प्रस्तुत किए गए थे।

पंचायत पदाधिकारियों के अनुसार, बाद में आपत्ति दर्ज होने के कारण प्रस्तावित कार्यों की प्रक्रिया प्रभावित हुई और विकास कार्य प्रारंभ नहीं हो सके। ग्रामसभा एवं पंचायत की बैठक में विधिवत प्रस्ताव पारित होने के बावजूद लगातार हो रही देरी से गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने अधिकारियों से चर्चा कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि पंचायत द्वारा बहुमत से पारित प्रस्ताव एवं संबंधित दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण कर उचित निर्णय लिया जाए, ताकि गांव के विकास कार्य अनावश्यक रूप से बाधित न हों।

अरुण सार्वा ने कहा कि ग्राम पंचायतों में जनहित और ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्तावित विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए अनावश्यक विलंब से बचना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से पंचायत को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने की बात कही।

जिला पंचायत अध्यक्ष की त्वरित पहल से पंचायत पदाधिकारियों में उम्मीद जगी है कि लंबित विकास कार्यों को जल्द शुरू कराने की दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। पंचायत पदाधिकारियों ने पहल के लिए अरुण सार्वा के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !