धमतरी में आज गरिमामय माहौल में मनेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026

0

 

धमतरी में आज गरिमामय माहौल में मनेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026



विधायक अजय चंद्राकर होंगे मुख्य अतिथि, ‘मस्त कलंदर बैंड’ की संगीतमय प्रस्तुति रहेगी मुख्य आकर्षण; 23 विभागों की प्रदर्शनी में दिखेगी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक


उत्तम साहू 

धमतरी, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर धमतरी जिले में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। शहर के डॉ. शोभाराम देवांगन खेल मैदान में आयोजित होने वाले इस समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समारोह में धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू, सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा, महापौर श्री रामू रोहरा, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू राम निषाद तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बताया कि राज्योत्सव की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम में शाम 6 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा। इसमें छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय ‘मस्त कलंदर बैंड’ अपनी विशेष संगीत प्रस्तुति देगा। इसके अलावा नवीन सोनी बैंड धमतरी, पंखुड़ी कुलकर्णी की कत्थक नृत्य प्रस्तुति और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।


23 विभागों की प्रदर्शनी में दिखेगी विकास की तस्वीर

राज्योत्सव स्थल पर जिला प्रशासन द्वारा 23 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुधन विकास, वन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, उद्योग, कौशल विकास, परिवहन, श्रम, सहकारिता, राजस्व एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न विभाग शामिल होंगे।

इन प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों, नवाचारों और नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही राज्य शासन और पुलिस प्रशासन के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न शासकीय सेवाओं, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी गतिविधियों से लोगों को अवगत कराया जाएगा।


कला-संस्कृति के साथ विकास यात्रा का बनेगा मंच

जिला स्तरीय राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत, समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और परंपराओं को प्रदर्शित करने के साथ जिले की विकास यात्रा को सामने लाने का अवसर होगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, वहीं विभागीय प्रदर्शनी से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी मिलेगी।

जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और परिवारों से 2 नवंबर को शाम 6 बजे डॉ. शोभाराम देवांगन खेल मैदान पहुंचकर राज्योत्सव में सहभागी बनने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभागीय प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !