छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर मनाया राज्य स्थापना दिवस, राज्यगीत का हुआ सामूहिक गायन
महतारी के पारंपरिक स्वरूप में पहुंची नन्ही बालिका बनी आकर्षण का केंद्र, कलेक्टर ने दी प्रदेशवासियों को बधाई
धमतरी, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को जिला कार्यालय परिसर में राज्य स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं निरंतर प्रगति की कामना की। इसके बाद सभी ने प्रदेश के गौरव और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक राज्यगीत 'अरपा पैरी के धार' का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत, समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा का स्मरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रदेश की माटी, लोकजीवन और मेहनतकश लोगों के योगदान को याद करते हुए छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
समारोह में सबसे खास आकर्षण छत्तीसगढ़ महतारी की पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची एक नन्ही बालिका रही। महतारी के स्वरूप में सजी बालिका को देखकर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारी काफी प्रसन्न नजर आए। सभी ने आत्मीयता के साथ उसका अभिनंदन किया और उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। बालिका की मनमोहक उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। साथ ही यह दृश्य नई पीढ़ी में अपनी माटी, संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश देता नजर आया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर ने बताया कि 2 नवंबर को धमतरी में एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री मुकेश बजाज, सहायक अधीक्षक श्री गोस्वामी सहित जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



