कुरूद में विद्यार्थियों से रू-ब-रू हुए कलेक्टर अविनाश मिश्रा, नवंबर के अंतिम सप्ताह में होगा युवा फेस्टो

0

 

कुरूद में विद्यार्थियों से रू-ब-रू हुए कलेक्टर अविनाश मिश्रा, नवंबर के अंतिम सप्ताह में होगा युवा फेस्टो

छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के युवा दिखाएंगे अपनी प्रतिभा, गायन-नृत्य से लेकर एआई और कौशल विकास तक मिलेंगे अवसर


उत्तम साहू 

धमतरी। युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उनमें रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में कुरूद के संत गुरु घासीदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में युवा फेस्टो का आयोजन किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से विद्यार्थी शामिल होकर अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।

इसी सिलसिले में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को कुरूद प्रवास के दौरान महाविद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में निर्माणाधीन नवीन महाविद्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से महाविद्यालय की शैक्षणिक अधोसंरचना मजबूत होगी और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने युवा फेस्टो की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन युवाओं का अपना मंच होगा, जिसमें विद्यार्थी केवल प्रतिभागी ही नहीं, बल्कि आयोजक और होस्ट की भूमिका भी निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार पंजीयन कराकर आयोजन में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि गायन, नृत्य, खेल, पेंटिंग, कुकिंग सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ और वक्ता युवाओं से संवाद कर अपने अनुभव साझा करेंगे। एआई, नई तकनीक, कौशल विकास और प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजन का हिस्सा होंगी।

कलेक्टर ने धमतरी पीजी कॉलेज में पूर्व में आयोजित युवा फेस्टो की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नई जानकारियां हासिल करने, दूसरे जिलों के विद्यार्थियों से जुड़ने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर देते हैं।

इस अवसर पर एसडीएम पीयूष तिवारी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके पांडे, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !