धमतरी में अवैध धान भंडारण का खुलासा, 10.40 क्विंटल धान जब्त

0

 

धमतरी में अवैध धान भंडारण का खुलासा, 10.40 क्विंटल धान जब्त

कोलियारी के सुयश ट्रेडिंग प्रतिष्ठान में उड़नदस्ता दल की छापेमार कार्रवाई, संचालक के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत मामला दर्ज


उत्तम साहू 

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गठित उड़नदस्ता दल लगातार जांच अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को धमतरी विकासखंड के ग्राम कोलियारी में कार्रवाई करते हुए 10.40 क्विंटल धान जब्त किया गया।

जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को उड़नदस्ता दल ने ग्राम कोलियारी स्थित सुयश ट्रेडिंग प्रतिष्ठान में अचानक दबिश दी। खाद्य विभाग एवं कृषि उपज मंडी धमतरी के अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठान की जांच की गई। इस दौरान संचालक शत्रुघन सोनकर के प्रतिष्ठान में 26 कट्टा धान, कुल 10.40 क्विंटल, का अवैध भंडारण पाया गया।

जांच में अनियमितता सामने आने पर अधिकारियों ने मौके से संपूर्ण धान जब्त कर लिया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।

गौरतलब है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी विकासखंडों में संयुक्त उड़नदस्ता दल गठित किए हैं। इन दलों में राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध भंडारण और परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !