39 वर्ष 6 माह 20 दिन की शैक्षणिक सेवा के बाद प्रधान पाठक श्याम कार्तिक गुप्ता को दी गई भावभीनी विदाई

0


39 वर्ष 6 माह 20 दिन की शैक्षणिक सेवा के बाद प्रधान पाठक श्याम कार्तिक गुप्ता को दी गई भावभीनी विदाई


रंगोले स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित, कविता के जरिए सुनाई 1987 से 2026 तक की शैक्षणिक यात्रा; शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने किया सम्मानित


          रिपोर्ट: ज्ञान शंकर तिवारी, पाली।

नुनेरा। शिक्षा के क्षेत्र में करीब चार दशक तक अपनी सेवाएं देकर विद्यार्थियों का भविष्य संवारने वाले पूर्व माध्यमिक शाला रंगोले के प्रधान पाठक श्याम कार्तिक गुप्ता सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर शालेय परिवार एवं संकुल स्तर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान खुशी और भावुकता का अनूठा संगम देखने को मिला। शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उनके लंबे सेवाकाल एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।

श्याम कार्तिक गुप्ता ने शिक्षा विभाग में 39 वर्ष 6 माह 20 दिन तक अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने वर्ष 1987 से 31 अक्टूबर 2026 तक रंगोले में अपनी शैक्षणिक यात्रा पूरी की। विदाई समारोह में उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभवों और यादों को कविता के माध्यम से भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी कविता ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अतिथि स्वागत गीत और विदाई गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। इस अवसर पर संकुल स्तरीय शिक्षक परिवार, विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी), पीटीए एवं एसएमडीएम समूह द्वारा श्री गुप्ता को शाल, श्रीफल, पेन, डायरी और श्रीमद्भगवद्गीता भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य एवं स्वास्थ्य एवं बाल विकास सभापति श्रीमती माया रूपेश कंवर थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत रंगोले के सरपंच शिव सिंह मरावी एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के उपाध्यक्ष सहारे लाल कंवर उपस्थित रहे।

समारोह में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुंदेश गोभिल, संकुल समन्वयक अशोक भारद्वाज, श्रीमती ललिता चौहान, शारदा घृतलहरे, निर्मला शर्मा, पुष्पा कंवर, लीला सिदार, मधु बनर्जी, परदेसी पटेल, श्वेता जायसवाल सहित संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन समूह की सदस्य सूरजबाई, सावित्री कंवर, जमुना बाई, शिव कंवर, ग्राम की मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।

मंच संचालन विजय कुमार सिंह तंवर ने किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने श्री गुप्ता के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। उनका वर्षों का शैक्षणिक योगदान विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।



Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !