ऑपरेशन प्रहार: अवैध शराब बेचते 5 आरोपी गिरफ्तार, 59 पौवा शराब जब्त
भखारा और अर्जुनी पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई, 1650 रुपये नगद सहित 6,970 रुपये की सामग्री बरामद
धमतरी, 1 नवंबर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत भखारा और अर्जुनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 59 पौवा देशी शराब और बिक्री की 1650 रुपये नगद राशि जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 6970 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में भखारा और अर्जुनी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
भखारा में एक, अर्जुनी में चार आरोपी पकड़ाए
पुलिस के अनुसार, थाना भखारा क्षेत्र में कोलियारी गौठान के पास ग्राम अछोटी निवासी शिवदयाल चेलक (59 वर्ष) को 24 पौवा देशी शराब और 410 रुपये नगद के साथ पकड़ा गया। उसके कब्जे से कुल 2810 रुपये की सामग्री जब्त की गई।
वहीं, थाना अर्जुनी पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इसमें अर्जुनी निवासी डिगेश ध्रुव (24 वर्ष) को कुशल एग्रो इक्विपमेंट के पास 10 पौवा शराब और 200 रुपये नगद के साथ पकड़ा गया। संतराम सिन्हा (56 वर्ष) को बजाज शोरूम से पहले पुल के पास 8 पौवा शराब और 310 रुपये नगद के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह विष्णुराम यादव (58 वर्ष) को सेहरा डबरी में सोनालिका ट्रैक्टर के सामने 9 पौवा शराब और 400 रुपये नगद के साथ पकड़ा गया। जबकि टाकेश्वर उर्फ टाकू मीनपाल (40 वर्ष) को ग्राम अर्जुनी में अपने होटल के सामने 8 पौवा शराब और 330 रुपये नगद के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
अवैध कारोबारियों को पुलिस की चेतावनी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर पुलिस की नजर है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

