भुंजिया समाज के 425 परिवारों को नगरी आदिवासी विकास परियोजना से जोड़ने की मांग

0

 

भुंजिया समाज के 425 परिवारों को नगरी आदिवासी विकास परियोजना से जोड़ने की मांग

जिला धमतरी में संचालित विशेष पिछड़ी जनजाति (कमर) एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना नगरी से भुंजिया समाज को शामिल करने कलेक्टर को सौंपा गया आवेदन


उत्तम साहू 

नगरी/धमतरी। जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति भुंजिया समाज ने अपने सामाजिक एवं शासकीय योजनाओं से जुड़े हितों को ध्यान में रखते हुए भुंजिया समाज को नगरी स्थित विशेष पिछड़ी जनजाति (कमार) एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना से जोड़ने की मांग की है। इस संबंध में भुंजिया समाज जिला धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने 3 नवंबर 2026 को कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

समाज की ओर से सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि धमतरी जिले के नगरी एवं मगरलोड विकासखंड में भुंजिया जनजाति के कुल 425 परिवार निवासरत हैं। वर्तमान में इन परिवारों का संबंधित कार्य गरियाबंद जिले में संचालित परियोजना से जुड़ा हुआ है। धमतरी जिले के निवासियों को गरियाबंद परियोजना तक पहुंचने में काफी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। इसके चलते समाज के लोगों को अधिकारियों से संपर्क करने, आवश्यक कार्य कराने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

समाज ने मांग की है कि गरियाबंद जिले में संचालित भुंजिया जनजाति से संबंधित योजना एवं परियोजना का बजट नगरी ब्लॉक में संचालित किया जाए, ताकि धमतरी जिले के भुंजिया परिवारों को स्थानीय स्तर पर योजनाओं का लाभ मिल सके। इससे समय और धन की बचत के साथ-साथ समाज के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं भी आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

आवेदन में कलेक्टर से विशेष पिछड़ी जनजाति भुंजिया समाज को धमतरी जिले में संचालित कमर एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना नगरी से जोड़ने की मांग करते हुए सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया है।

इस दौरान जिला अध्यक्ष मंगल सिंह नाग, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष मराई, जनपद सदस्य सिरधन सोम, हेमलाल ओटी, भानूराम नाग, धरम सिंह पुजारी, अशोक ओटी, रहेश मराई, केजलू राम ओटी, फरस साहू, हीरा सिंह भुजिया एवं विशम्बर भुजिया उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !