नगरी में राष्ट्र चिंतन संवाद: लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता का विरोध राष्ट्र धर्म
छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच के आयोजन में राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, संस्कार और नागरिक कर्तव्यों पर हुआ वैचारिक मंथन
नगरी, 3 नवंबर। छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच के तत्वावधान में नगरी स्थित सांस्कृतिक भवन, नगर पंचायत नगरी में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ – राष्ट्र चिंतन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और नागरिकों के कर्तव्यों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और राष्ट्रहित में जागरूक नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे राष्ट्र धर्म की संज्ञा दी।
लोकतंत्र की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी
पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नागरिकों में जागरूकता, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को भ्रमित करने तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने वाले प्रयासों के प्रति सजग रहने की बात कही। ऐसे समय में राष्ट्र चिंतन संवाद जैसे आयोजन जनजागरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रदेश संयोजक कांतिलाल जैन ने शिक्षा और संस्कारों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध, जिम्मेदारी और सहभागिता का व्यापक स्वरूप है। उन्होंने कहा कि देश को अराजकता की ओर ले जाने वाले विचारों का जवाब संवाद, सत्य और सकारात्मक वैचारिक दृष्टिकोण से दिया जाना चाहिए।
जनप्रतिनिधियों, युवाओं और प्रबुद्धजनों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, पिंकी शाह, जनपद अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष, हृदय साहू, जिला पंचायत सदस्य टीकाराम कंवर, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, मोहन नाहटा, विकल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राजेश नाथ गोसाई, हुमित लिमजा, जिला पंचायत सदस्य अजय ध्रुव, नागेंद्र शुक्ला, मोहन पुजारी, कमल डागा, रामगोपाल साहू, राकेश चौबे,प्रेमलता नागवंशी एवं चेलेश्वरी साहू, सहित भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय प्रबुद्धजन, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अकबर कश्यप ने किया। अंत में छत्तीसगढ़ लोक जागरण मंच की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



