नुनेरा प्राथमिक शाला में पालक-शिक्षक बैठक आयोजित, शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग
101 विद्यार्थियों वाले विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षक की आवश्यकता पर पालकों और ग्रामीणों ने उठाई आवाज, बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर हुई चर्चा
पाली। ज्ञान शंकर तिवारी। शासकीय प्राथमिक शाला नुनेरा में पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पालकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए बच्चों की शिक्षा, शैक्षणिक स्तर और सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में बच्चों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई के प्रति रुचि, घर में अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण, शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता तथा पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को विशेष सहयोग देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पालकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति में उनकी भूमिका से अवगत कराते हुए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता
बैठक के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की कमी का विषय सामने आने पर ग्रामीणों और पालकों ने चिंता जताई। उन्होंने विद्यार्थियों की दर्ज संख्या के अनुपात में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग प्रशासन से की। पालकों का कहना है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति आवश्यक है।
गौरतलब है कि शासकीय प्राथमिक शाला नुनेरा में वर्तमान में 101 विद्यार्थियों की दर्ज संख्या है। वहीं प्रवेश प्रक्रिया जारी रहने के कारण विद्यार्थियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था को आवश्यक बताया गया।
बैठक के अंत में विद्यालय परिवार ने उपस्थित सभी पालकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी पालकों से ऐसी बैठकों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की, ताकि विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सके।

