डाइट नगरी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ ‘दीक्षारंभ’ समारोह, छात्रसंघ पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

0

 

डाइट नगरी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ ‘दीक्षारंभ’ समारोह, छात्रसंघ पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ



नवप्रवेशित छात्राध्यापकों का तिलक लगाकर किया गया आत्मीय स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन


उत्तम साहू 

नगरी (सिहावा)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नगरी में नवप्रवेशित छात्राध्यापकों के स्वागत, मार्गदर्शन एवं संस्थान से परिचय कराने के उद्देश्य से ‘दीक्षारंभ’ प्रवेश उत्सव का आयोजन गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में छात्रसंघ के नवगठित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डाइट नगरी के पूर्व प्राचार्य श्री प्रकाश राय तथा अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य श्री डी.के. साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त उपप्राचार्य श्री आर.एन. साहू एवं पूर्व सहायक ग्रेड-2 श्रीमती ईश्वरी ध्रुव उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रथम वर्ष की छात्राध्यापिकाओं हितेश्वरी लोधी एवं मोनिका लोधी ने दीप ज्योति मंत्र एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कल्याणी साहू एवं ज्योति ब्रह्म ने स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया। नवप्रवेशित छात्राध्यापकों का गुलाल तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

इसके पश्चात प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि के नेतृत्व में छात्रसंघ के नवगठित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। समारोह में छात्राध्यापकों ने गीत, कविता, भाषण एवं विचारों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुनेंद्र मरकाम, युगांधर ध्रुव, योगेश कुमार, टिकेश्वर निर्मलकर, यादराम पटेल, लोकेश कुमार, देवप्रकाश कश्यप एवं साथियों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। खुशबू एवं साथियों की लोक परंपरा और संस्कृति पर आधारित प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक दिखाई। छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्यों और विषयगत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि श्री प्रकाश राय ने अपने उद्बोधन में भावी शिक्षकों को शिक्षण व्यवसाय की गरिमा, समाज निर्माण में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका तथा नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। प्राचार्य श्री डी.के. साहू एवं अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संकाय सदस्य श्री जोहन लाल नेताम ने नवप्रवेशी छात्राध्यापकों को संस्थान के नियमों एवं एक आदर्श शिक्षक बनने की आवश्यकताओं से अवगत कराया। श्रीमती संगीता रनघटी ने भी विद्यार्थियों को शिक्षक के दायित्वों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में श्री देवकुमार साहू, श्री भूपेंद्र कुमार साहू, श्री प्रकाश सिंह सहित कर्मचारीगण श्री खीरभान कश्यप, श्रीमती उमेश्वरी, श्री चिंतामणि सोम, श्री गीश कश्यप एवं बड़ी संख्या में छात्राध्यापक उपस्थित रहे। श्री भूपेंद्र साहू ने आभार व्यक्त किया, जबकि संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन श्री प्रकाश सिंह ने किया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !