स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृतियों को समर्पित महानदी सभागार का लोकार्पण
धर्मपत्नी एवं जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्रीमती रश्मि नेताम ने किया लोकार्पण, कलेक्टर ने सेवाभावी व्यक्तित्व और योगदान को किया याद
धमतरी। जिला कार्यालय परिसर में नवनिर्मित स्वर्गीय संतोष नेताम महानदी सभागार का लोकार्पण मंगलवार को जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश तथा स्वर्गीय संतोष नेताम की धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि नेताम के करकमलों से संपन्न हुआ। अपने जीवनसाथी की स्मृति में निर्मित सभागार का लोकार्पण उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने स्वर्गीय संतोष नेताम के व्यक्तित्व, कार्यनिष्ठा और जिले के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रीमती रश्मि नेताम ने कहा कि स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृति को जिला कार्यालय परिसर से जोड़ना उनके परिवार के लिए भावुक और आत्मीय क्षण है। किसी व्यक्ति के कार्यों और योगदान को सार्वजनिक स्मृति से जोड़ना समाज के सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने इस संवेदनशील पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्वर्गीय संतोष नेताम के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विकास कार्यों, विशेषकर कलेक्टर सड़कों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के सर्वेक्षण के दौरान उन्हें उनके साथ काम करने का अवसर मिला था। स्वर्गीय नेताम ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता से किया। जिले के विकास कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके सेवाभाव और कार्यों को सम्मान देने तथा भावी पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से सभागार का नाम उनके नाम पर रखा गया है।
कलेक्टर ने कहा कि जिला कार्यालय में प्रशासनिक बैठकें, समीक्षा बैठकें, प्रशिक्षण और अन्य शासकीय कार्यक्रम आयोजित होते हैं। नवनिर्मित सभागार इन गतिविधियों के संचालन के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच समन्वय और विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यह सभागार शासकीय गतिविधियों में उपयोगी होने के साथ स्वर्गीय नेताम की स्मृतियों को भी जीवंत रखेगा।
कक्षा 12वीं की प्रश्न बैंक पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तैयार कक्षा 12वीं कला संकाय की प्रश्न बैंक पुस्तक का भी विमोचन किया गया। इसमें इतिहास एवं राजनीति विज्ञान विषयों के प्रश्न संकलित किए गए हैं। यह पुस्तक विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन देने और विषयों की बेहतर समझ विकसित करने में सहायक होगी।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय संतोष नेताम धमतरी में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ थे। पिछले वर्ष नवंबर में हृदयगति रुकने से उनका आकस्मिक निधन हो गया था। वे सरल, मिलनसार और मधुर व्यवहार के साथ कार्य के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से विभाग और जिले के प्रशासनिक परिवार को अपूरणीय क्षति हुई थी।
सभागार का नामकरण उनके सेवाभाव, कार्यनिष्ठा और समर्पित व्यक्तित्व के प्रति जिला प्रशासन की श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे, वनमंडलाधिकारी श्री कृष्णा यादव, नगर निगम आयुक्त श्री अरुण वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


