कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ा हादसा, रिकॉर्ड सेल रूम की छत ढही – अहम फाइलें मलबे में दबीं
रायपुर। राजधानी रायपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कलेक्ट्रेट के एंग्लो रिकॉर्ड सेल स्थित कक्ष की छत अचानक ढह गई। हादसा उस समय हुआ जब कमरा खाली था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिस रूम की छत गिरी है उसमें प्रशासन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण फाइलें रखी हुई थीं। छज्जा और मलबा गिरने से अधिकांश फाइलें धूल और मलबे के नीचे दब गईं। राहत की बात यह रही कि रविवार का अवकाश होने के कारण वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
फिलहाल, प्रशासन ने एहतियातन उस कक्ष को सील कर दिया है। मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और दबे दस्तावेजों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि सामान्य दिनों में इस कक्ष में रोज़ाना सैकड़ों लोग अपने कामकाज के लिए आते हैं। यदि यह हादसा कार्यदिवस में हुआ होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। इस घटना ने कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था और भवन की जर्जर हालत पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

