रायपुर में नर्स की बेरहमी से हत्या..आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 09 अक्टूबर 2025। राजधानी रायपुर शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी से भर उठा जब टिकरापारा थाना क्षेत्र के लालपुर पटेल चौक स्थित किराए के मकान से 23 वर्षीय नर्स प्रियंका दास की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। प्रियंका रायपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थी और अपने कुछ सहेलियों के साथ किराए से रहती थी।
गुरुवार को प्रियंका ड्यूटी से घर लौटी थी। शुक्रवार सुबह जब उसकी सहेली नाइट ड्यूटी से लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से झांकने पर प्रियंका की खून से लथपथ लाश दिखी। तुरंत पड़ोसी व मकान मालिक को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची।
मृतका के सीने व शरीर पर चाकू के कई वार पाए गए। कमरे में चारों ओर खून फैला था, दीवारों पर भी छींटे मिले। मृतका के हाथ में चाकू जरूर मिला, लेकिन उस पर खून नहीं था, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। कमरे के सीसीटीवी कैमरे घटना के वक्त बंद पाए गए, जो पुलिस के लिए पहेली बने हैं।
लव ट्रायंगल से जुड़ रहा सुराग
जांच में सामने आया कि प्रियंका का प्रेम संबंध दुर्गेश नामक युवक से था, जिससे विवाद चल रहा था। वहीं चिरमिरी निवासी सन्नी नामक युवक से भी उसके पुराने दोस्ताना रिश्ते थे।
पुलिस को शक है कि हत्या प्रेम त्रिकोण (लव ट्रायंगल) का नतीजा हो सकती है। आरोपी दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। सन्नी को भी पुलिस निगरानी में लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
पुलिस और फॉरेंसिक जांच
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम सबूत इकट्ठे किए हैं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे हत्या की परिस्थितियों पर और स्पष्टता आएगी।
आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की रात संदिग्धों की गतिविधियों का पता चल सके।