दीपावली से पूर्व कलेक्टर-एसपी का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को दी गई कड़ी चेतावनी

0

   

दीपावली से पूर्व कलेक्टर-एसपी का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को दी गई कड़ी चेतावनी

 एसपी के निर्देश पर जिला में नाकाबंदी, एवं मोबाइल चेक पोस्ट और बड़े थानों में एक्स्ट्रा पेट्रोलिंग भी की गई 

               उत्तम साहू दिनांक: 19 अक्टूबर 2025

धमतरी। दीपावली, गौरा गौरी और गोवर्धन पूजा जैसे पर्वों के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ रखने एवं आमजन के मन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने हेतु आज धमतरी में भव्य फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च जिले के कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।  



फ्लैग मार्च की शुरुआत रक्षित केंद्र में हुई, जहां एसपी ने पुलिस बल को ब्रीफिंग दी। इसके बाद मार्च शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्र, लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्ना बांधा, मुजगहन, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड और अर्जुनी मोड़ से होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर के समक्ष संपन्न हुआ। इस दौरान लाउडस्पीकर से लगातार जनजागरूकता संदेश प्रसारित किए गए।  

       कलेक्टर-एसपी का सख्त संदेश

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से स्पष्ट चेतावनी दी है कि अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी एवं असामाजिक गतिविधियों में संलग्न व्यक्तियों पर तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।  

संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर पैनी निगरानी रखी जा रही है।  सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।  दीपावली को शांति, सौहार्द एवं गरिमा के साथ संपन्न कराने हेतु पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।  

कलेक्टर श्री मिश्रा ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रेम और सद्भावना के साथ दीपावली मनाएं, नशे का सेवन कर कोई अनुशासनहीनता न करें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।  

          तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

एसपी श्री सूरज सिंह परिहार ने बताया कि दीपावली पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जिलेभर में विजुअल पुलिसिंग के लिए मोबाइल चेक पोस्ट (MCP) की स्थापना की गई है, नाकाबंदी की गई है, तथा शहर में मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, पैदल गश्ती एवं रैंडम चेकिंग सुनिश्चित की जा रही है।  


हाल में पुलिस प्रशासन के समन्वय से एक ढाबा और मेडिकल स्टोर सील किए गए हैं तथा एक मकान से भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आपराधिक तत्वों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।  


       पुलिस हेल्पलाइन नंबर

📞 100 / 112 (आपातकालीन सेवा)  

📞 94791-92299 (धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम)  


       प्रशासन की अपील और शुभकामनाएं

प्रशासन एवं पुलिस ने नागरिकों से कानून का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। कलेक्टर एवं एसपी ने जिलेवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समस्त नागरिक शांति और भाईचारे के माहौल में त्योहार का उल्लासपूर्वक उत्सव मनाएं।  


इस अवसर पर एएसपी श्री मणिशंकर चंद्रा, सीएसपी श्री अभिषेक चतुर्वेदी (IPS), एसडीएम श्री पियुष तिवारी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीएसपी श्री यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी कुरुद श्रीमती रागिनी मिश्रा, तहसीलदार, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी, पुलिस बल, डीआरजी और यातायात पुलिस के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।  



Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !