प्रधान पाठक को गिरफ्तार.. महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप
जांजगीर-चांपा। शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अकलतरा क्षेत्र के परसदा मिडिल स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक राजकुमार राठौर को मुलमुला पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रधान पाठक पहले से ही मारपीट सहित छह आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। घटना के दिन थाना क्षेत्र की एक महिला घर पर अकेली थी। तभी नरियरा गांव निवासी राजकुमार राठौर घर में घुस आया और सूनेपन का फायदा उठाकर छेड़छाड़ करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला।
पीड़िता की शिकायत पर मुलमुला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सबूत मिलने पर उसे हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गंभीर बात यह है कि जिस व्यक्ति पर बच्चों को शिक्षा देने और समाज में आदर्श प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी थी, उसी पर लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने और अब महिला से छेड़छाड़ करने जैसे घिनौने आरोप लग रहे हैं। इस घटना ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और नियुक्तियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

