भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर के भूगोल विभाग द्वारा सरगुजा जिले के मैनपाट का भौगोलिक भ्रमण
छात्र-छात्राओं ने पर्वतीय, पठारी एवं सांस्कृतिक स्थलों का किया अध्ययन
संवाददाता डा.बलराम सिंह साहू सरोना
कांकेर, 08 नवम्बर 2025 भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर के प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. चेतन राम पटेल के निर्देशन में तथा भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. एस.आर. दर्रो, भूगोल परिषद् प्रभारी डॉ. शिवेन्द्र कुमार धुर्वे एवं डॉ. योगिता साहू के मार्गदर्शन में एम.ए. प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के भूगोल विषय के छात्र-छात्राओं को अध्ययन भ्रमण के लिए सरगुजा जिले के मैनपाट ले जाया गया।
इस भौगोलिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भौगोलिक तथ्यों से परिचित कराना, पर्वतीय एवं पठारी क्षेत्रों की भौतिक, सांस्कृतिक तथा पर्यावरणीय विशेषताओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कराना था। साथ ही पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का अध्ययन भी किया गया।
भ्रमण का शुभारंभ कांकेर के घड़ी चौक से प्रातः 10 बजे हुआ। प्रथम दिवस में राजीव लोचन मंदिर एवं त्रिवेणी संगम (महानदी, पैरी एवं सोंढुर नदी का संगम) का अवलोकन किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने चंपारण (पूर्व नाम चंपाझार) स्थित महाप्रभु वल्लभाचार्य मंदिर, रायपुर का आदिवासी संग्रहालय, तथा चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर का अध्ययन किया। यह विश्व का एकमात्र मंदिर है जो भगवान श्रीराम की माता कौशल्या को समर्पित है।
द्वितीय दिवस में विद्यार्थियों ने सरगुजा जिले के मैनपाट, जिसे ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहा जाता है, का भ्रमण किया। यहां उन्होंने तिब्बती संस्कृति, बुद्ध मंदिर, टाइगर पॉइंट, ठिनठिनी पत्थर, जलजली पॉइंट एवं उल्टा पानी जैसे अनोखे प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन किया।
तीसरे दिवस रतनपुर के महामाया मंदिर एवं खूंटाखाट बांध का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही जंगल सफारी में जैव विविधता, प्राकृतिक वनस्पतियों एवं जीव-जंतुओं — विशेष रूप से शेर, टाइगर, भालू आदि का प्रत्यक्ष अध्ययन किया गया। भ्रमण के दौरान चट्टानों के कटाव, मृदा अपरदन, जल प्रवाह, पर्यटन स्थलों पर प्रदूषण के कारण एवं उनके समाधान पर चर्चा भी की गई।
इस अध्ययन भ्रमण में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर के छात्र सोमारू पोडयाम, चन्द्रप्रकाश कोरचे, संजू ध्रुवा, कु. यामिनी जैन, कु. मुस्कान शर्मा, कु. खिलेश्वरी वट्टी, युगल किशोर, विकास कुमार, अंजली नाग तथा एम.ए. तृतीय सेमेस्टर से कु. दीपिका प्रधान, कु. ओनिका पटेल, कु. लतेश्वरी, कु. ग्रेसमी सहित अनेक छात्र-छात्राएं शामिल रहीं।

