जिला आबकारी विभाग धमतरी द्वारा छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर किया गया रक्तदान शिविर का आयोजन
धमतरी, 08 नवम्बर 2025 छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के भाव को आगे बढ़ाते हुए जिला आबकारी विभाग धमतरी के सौजन्य से आज एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मानवता और सहयोग की भावना को समर्पित रहा।
इस अवसर पर जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती निरुपमा लोन्हारे एवं उपनिरीक्षक निशांत साधू के नेतृत्व में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों एवं मदिरा दुकानों में कार्यरत कर्मियों तथा सुरक्षा गार्डों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 21 स्वयंसेवकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का परिचय दिया।
श्रीमती लोन्हारे ने बताया कि “रक्तदान महादान है — एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचा सकता है। इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों में सेवा भावना जागृत करना और समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश देना है।”
शिविर में शामिल कर्मचारियों ने भी कहा कि ऐसे आयोजन से न केवल जनहित को बढ़ावा मिलता है, बल्कि यह कर्मचारियों के बीच आपसी सहयोग और मानवता के मूल्यों को भी सशक्त करता है।
रक्तदान शिविर का सफल संचालन विभागीय टीम द्वारा किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक अपनी भूमिका निभाई। आयोजन के अंत में रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के उपलक्ष्य में किया गया यह पहल जनसेवा की भावना को समर्पित रही और यह संदेश दिया कि सरकारी विभाग केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज कल्याण में भी अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं।






