धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने नगरी नगर पंचायत क्षेत्र में विकास की संभावनाओं का लिया जायजा,
कलेक्टर की स्पष्ट सोच..नगरी को ‘मॉडल नगर पंचायत’ बनाना..अनेक योजनाओं को मिली नई दिशा
उत्तम साहू
धमतरी/नगरी। नगरी नगर पंचायत के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने अपने एक दिवसीय प्रवास में नगर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, खेल, परिवहन, व्यापार और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आगे की दिशा में स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया। कलेक्टर के इस निरीक्षण को नगरवासियों में विकास की नई उम्मीदों के रूप में देखा जा रहा है।
लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण — शैक्षणिक सुविधाओं के उन्नयन पर जोर
कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 7 स्थित हाई स्कूल के पास निर्मित लाइब्रेरी भवन का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तक उपलब्धता, अध्ययन कक्ष की बेहतर व्यवस्था, विद्यार्थियों की संख्या तथा लाइब्रेरी के रख-रखाव से जुड़ी जानकारी हासिल की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी को आधुनिक स्वरूप देकर छात्रों के लिए अध्ययन-अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ ले सकें।
वार्ड 12 में प्रस्तावित बस स्टैंड हेतु भूमि का अवलोकन
बेहतर परिवहन सुविधा के लिए नगर में नया बस स्टैंड बनाने की योजना को आगे बढ़ाते हुए कलेक्टर मिश्रा ने वार्ड क्रमांक 12 में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया।
उन्होंने स्थल के सीमांकन, यातायात सुगमता, यात्रियों की सुरक्षा और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत चर्चा की।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बस स्टैंड हेतु विस्तृत DPR तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।
हाई स्कूल मैदान में खिलाड़ियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
नगरी के उभरते खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में कलेक्टर ने हाई स्कूल मैदान का निरीक्षण किया।
उन्होंने मैदान की लाइट व्यवस्था, ग्राउंड लेवलिंग, खेल उपकरण तथा खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए आवश्यक संरचनात्मक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने कहा कि नगर में बॉक्स क्रिकेट निर्माण को शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने सीएमओ यशवंत वर्मा और उप कार्यपालन अभियंता परमेश ध्रुव को शासन से राशि स्वीकृति हेतु तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को आधुनिक और सुरक्षित सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।
गायत्री मंदिर परिसर के पास सर्वसुविधायुक्त चौपाटी निर्माण का प्रस्ताव
नगर पंचायत द्वारा प्रस्तावित नगर चौपाटी परियोजना के अंतर्गत कलेक्टर ने गायत्री मंदिर के समीप भूमि का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने इसे अत्यंत उपयुक्त बताते हुए कहा कि यह स्थान नगरवासियों के लिए व्यंजन केंद्र, पारिवारिक मिलन स्थल, विद्यार्थियों की कैंटीन और छोटे व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक अवसर उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चौपाटी के निर्माण के लिए जल्द शासन से आवश्यक निधि स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने कहा।
कलेक्टर की स्पष्ट सोच—नगरी को ‘मॉडल नगर पंचायत’ बनाना
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि नगरी में शिक्षा, खेल, व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक विकास की अपार संभावनाएँ हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन सभी क्षमताओं को योजनाबद्ध तरीके से उपयोग में लाकर नगरी को आने वाले वर्षों में एक आदर्श एवं विकसित नगर पंचायत के रूप में स्थापित किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने रखा 5 साल का विकास रोडमैप
कलेक्टर के दौरे के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने चल रहे प्रोजेक्ट्स और भविष्य की जरूरतों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि आने वाले पाँच वर्षों में नगरी को नए स्वरूप में विकसित करने के लिए विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं का रोडमैप तैयार किया गया है।
कलेक्टर ने उनकी पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से ही क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास संभव है।
जनता में उत्साह—विकास को लेकर बढ़ी उम्मीदें
कलेक्टर के इस व्यापक निरीक्षण से नगरवासियों में नई ऊर्जा और उत्साह दिखाई दे रहा है। लोगों का मानना है कि शासन, प्रशासन और स्थानीय निकायों के सहयोग से नगरी आगामी वर्षों में एक मॉडल नगर पंचायत के रूप में उभरकर सामने आएगी।

