फर्जी इनकम टैक्स रेड गिरोह का एक और बड़ा खुलासा
सिटी कोतवाली पुलिस ने मास्टरमाइंड महिला आरोपी को किया गिरफ्तार
◆ डॉ. राठौर के घर काम करने वाली महिला ही निकली वारदात की सूत्रधार
◆ घर का नक्शा बनाकर दी थी गिरोह को पूरी जानकारी
◆ अंतरराज्यीय गिरोह द्वारा फर्जी रेड का मामला – नागपुर, दुर्ग, रायपुर, भिलाई एवं बालोद (दल्लीराजहरा) से 12 आरोपी पूर्व में गिरफ्तार
धमतरी/ दिनांक : 18 दिसंबर 2025 थाना सिटी कोतवाली, पुलिस द्वारा फर्जी इनकम टैक्स रेड कर लूट की योजना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के प्रकरण में एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए पूरे षड्यंत्र की मुख्य सूत्रधार महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी डॉ. दिलीप राठौर, पिता स्व. बाबूलाल राठौर, उम्र 67 वर्ष, निवासी रत्नाबांधा, धमतरी द्वारा दिनांक 12.12.2025 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 17.11.2025 को 06–07 अज्ञात व्यक्तियों ने उनके निवास में जबरन प्रवेश कर स्वयं को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताते हुए बिना किसी सर्च वारंट के घर के कमरों, अलमारियों एवं लॉकर की तलाशी ली।
आरोपियों ने लगभग 1.30 से 2 घंटे तक घर की तलाशी ली तथा किसी प्रकार की नकद राशि न मिलने पर दो चारपहिया वाहनों में बैठकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना एवं अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
विवेचना के दौरान थाना सिटी कोतवाली एवं सायबर सेल धमतरी की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई।
टीम द्वारा नागपुर, दुर्ग, भिलाई, रायपुर एवं बालोद (दल्लीराजहरा) में दबिश देकर अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अपराध स्वीकार किया गया एवं उनके कब्जे से निम्न सामग्री जप्त की गई—
- 04 चारपहिया वाहन
- 14 मोबाइल फोन
- 05 जूट की खाली बोरियां (ब्लैक मनी ले जाने हेतु)
महिला आरोपी की भूमिका – पूरे षड्यंत्र की सूत्रधार
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी श्रवण ध्रुव के मेमोरण्डम कथन से यह तथ्य सामने आया कि डॉ. राठौर के घर में कार्यरत महिला कर्मचारी सुनैना सोनी उर्फ मोना ने ही गिरोह को घर में बड़ी मात्रा में नकद (ब्लैक मनी) होने की झूठी जानकारी दी थी।
आरोपिया द्वारा—डॉ. राठौर के घर का नक्शा तैयार करवाने में सहयोग किया, कई बार आरोपी श्रवण ध्रुव को घर बुलाकर नक्शे का मिलान कराया,फर्जी इनकम टैक्स रेड कर भारी रकम मिलने का लालच दिया।
घटना में प्रयुक्त महिला आरोपी का मोबाइल फोन जप्त कर लिया गया है।
कानूनी कार्यवाही
आरोपिया के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली, धमतरी में
अप. क्र. 327/25, धारा 204(2), 319(2), 331(3), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम – श्रीमती सुनैना सोनी उर्फ मोना
पति का नाम – कोमल सोनी
उम्र – 32 वर्ष
निवासी – हटकेश्वर वार्ड, रत्नाबांधा रोड, धमतरी
थाना – सिटी कोतवाली, जिला धमतरी

