राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का धमतरी में भव्य समापन

0

 


राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का धमतरी में भव्य समापन

गांधी मैदान में सम्मान समारोह, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही गरिमामय उपस्थिति


                            उत्तम साहू 

धमतरी, 31 जनवरी 2026। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का समापन आज गांधी मैदान, धमतरी में भव्य सम्मान समारोह के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के संदेश के साथ किया गया, जिसका उद्देश्य नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

समापन समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पमाला अर्पण कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

माह भर चले जागरूकता कार्यक्रम

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान धमतरी पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में विविध जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें प्रमुख रूप से हेलमेट जागरूकता रैली,वाहन चालकों हेतु नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर,लर्निंग लाइसेंस शिविर,हेलमेट पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों का सम्मानसारथी सम्मान,यातायात नियमों की जानकारी,स्कूल, कॉलेज एवं सामाजिक संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम

जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के प्रेरक उद्बोधन

महापौर श्री रामू रोहरा

महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि नागरिकों को अधिक प्रभावी रूप से जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा कार्यक्रम को एक सप्ताह के स्थान पर एक माह तक आयोजित किया गया। उन्होंने नागरिकों से शराब पीकर वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार

पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने बताया कि विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से चलाए गए अभियानों के सकारात्मक परिणामस्वरूप सड़क दुर्घटनाओं में 8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। आगामी समय में इसे 12 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने नाबालिगों को वाहन न चलाने देने तथा हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा

कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा ने कहा कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग से हम अपनी जान बचा सकते हैं। सड़क दुर्घटनाओं से अनेक परिवारों पर गहरा मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष लगभग 200 से अधिक लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में होती है, जबकि इससे कहीं अधिक लोग घायल होते हैं।

डीएफओ श्री श्रीकृष्ण जाधव

डीएफओ श्री श्रीकृष्ण जाधव ने अपने परिवार से जुड़े एक दुर्घटना अनुभव को साझा करते हुए कहा कि सीट बेल्ट नहीं लगाने से जान जा सकती है, इसलिए हेलमेट एवं सीट बेल्ट को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।

सम्मान समारोह में विभिन्न वर्गों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले गुड सेमेरिटन, यातायात जागरूकता में सहयोगी व्यक्ति, मेडिकल टीम, सामाजिक संस्थाएं एवं विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को सम्मान

यातायात जागरूकता विषय पर आयोजित वाद-विवाद, रंगोली, स्लोगन, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

धमतरी पुलिस की नागरिकों से अपील

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को जीवन का संकल्प बनाएं। यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल एक माह का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

समापन कार्यक्रम में विधायक धमतरी श्री ओंकार साहू, महापौर श्री रामू रोहरा, कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा, डीएफओ श्री श्रीकृष्ण जाधव, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !