युवक की चाकू गोदकर हत्या, इलाके में फैली दहशत
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिचरी बाजार स्थित हैप्पी स्ट्रीट रोड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर सरेराह चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान सानू उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अमन को घेरकर धारदार हथियार से कई वार किए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

