धमतरी में साइबर अपराध पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, 6 पुलिसकर्मी सम्मानित
उत्तम साहू
धमतरी, 14 जनवरी 2026। रायपुर रेंज आईजी श्री अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी जिले में साइबर अपराधों पर नियंत्रण एवं विवेचना को मजबूत करने के उद्देश्य से एक दिवसीय साइबर अपराध प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी, विवेचना अधिकारी, साइबर सेल टीम तथा CCTNS ऑपरेटर शामिल हुए।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर वित्तीय अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना, पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित, संवेदनशील एवं तकनीकी रूप से सक्षम कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान 1930 हेल्पलाइन नंबर, साइबर क्राइम पोर्टल, बैंक खातों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया, फ्रॉड राशि को सुरक्षित रखने हेतु बैंकों से त्वरित समन्वय, CEIR, समन्वय पोर्टल एवं ओपन सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला में साइबर क्राइम पोर्टल के प्रभावी उपयोग, साइबर अपराधों की जांच एवं विवेचना प्रक्रिया, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों का त्वरित निराकरण, आम नागरिकों से बेहतर संवाद तथा शिकायत अधिकारी की भूमिका पर गहन चर्चा की गई। इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी के नवीनतम तरीकों—जैसे OTP ठगी, फर्जी वेबसाइट, ऑनलाइन शॉपिंग, रोमांस व नौकरी ठगी, APK फ्रॉड, QR कोड स्कैन ठगी, लोन व ईमेल फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट क्लोनिंग, सिम स्वैप, मैट्रिमोनियल व लॉटरी ठगी—के बारे में भी अधिकारियों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने निर्देशित किया कि साइबर अपराध से संबंधित प्रत्येक शिकायत को गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ लेते हुए पीड़ित को शीघ्र राहत दी जाए, जिससे आम नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
कार्यशाला के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निरीक्षक समीर तिवारी, आरक्षक लोकेश सिन्हा, विजय शर्मा, तुलेश्वर रावत एवं टिकेश्वर मरकाम को सेवा पुस्तिका में “प्रशंसा” अंकित कर सम्मानित किया गया। वहीं आरक्षक देवेंद्र साहू को 200 रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। साइबर विषयक प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाने पर प्रधान आरक्षक संतेर सोरी, बिरेंद्र साहू एवं हरिशंकर सिन्हा के विरुद्ध सेवा पुस्तिका में “निंदा” की अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्र कुमार पांडे, सीएसपी श्री अभिषेक चतुर्वेदी, आईजी कार्यालय से आए साइबर एक्सपर्ट डीएसपी श्री निशीथ अग्रवाल व उनकी टीम, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीएसपी श्री यशकरण दीप ध्रुव, वैज्ञानिक अधिकारी श्री अमित कुमार पटेल, रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा सहित जिले के बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की प्रशिक्षण कार्यशालाएं आगे भी जारी रहेंगी, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर आम जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।

