जिले में पहली बार आयोजित हुआ मिलेट्स महोत्सव

0


जिले में पहली बार आयोजित हुआ मिलेट्स महोत्सव

पद्मश्री डॉ. खादर वल्ली ने बताए श्रीअन्न के स्वास्थ्य, खेती और आर्थिक लाभ


उत्तम साहू 

धमतरी, 05 जनवरी 2026/ जिले में मिलेट्स (श्रीअन्न) की खेती को जन-आंदोलन का स्वरूप देने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा आमजन को पोषणयुक्त आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पहली बार “मिलेट्स महोत्सव” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की विशेष पहल पर प्रातः 11 बजे आयोजित हुआ।



कार्यक्रम के मुख्य वक्ता देशभर में “मिलेट्स मैन” के नाम से प्रसिद्ध पद्मश्री डॉ. खादर वल्ली रहे। उन्होंने किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि मिलेट्स केवल भोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और आत्मनिर्भर खेती का मजबूत आधार हैं।



डॉ. खादर वल्ली ने बताया कि मिलेट्स की खेती—• कम पानी, कम लागत और कम रासायनिक खाद में संभव है, सूखा, बाढ़ एवं जलवायु परिवर्तन जैसी परिस्थितियों में भी बेहतर उत्पादन देती है, पारंपरिक धान की खेती की तुलना में कम जोखिम और अधिक लाभ प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि कोदो, कुटकी, रागी, ज्वार, बाजरा जैसे श्रीअन्न में फाइबर, आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन एवं अन्य सूक्ष्म पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो मधुमेह, मोटापा, हृदय रोग एवं पाचन संबंधी समस्याओं में अत्यंत लाभकारी हैं।

डॉ. वल्ली ने किसानों से रासायनिक खेती से हटकर प्राकृतिक एवं जैविक पद्धतियों से मिलेट्स उत्पादन अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि मिलेट्स आज केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं रह गए हैं, बल्कि रोजगार, स्टार्टअप एवं महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त साधन बन चुके हैं। ऐसे आयोजनों से जिले में नई कृषि संस्कृति विकसित होगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने कहा कि मिलेट्स की खेती छोटे और सीमांत किसानों के लिए लाभकारी, टिकाऊ एवं सुरक्षित विकल्प है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि होगी।


कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में मिलेट्स को कृषि नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। किसानों को बीज, प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्पादित मिलेट्स की खरीदी एवं विपणन हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है तथा स्व-सहायता समूहों को मिलेट्स आधारित मूल्य संवर्धित उत्पादों—जैसे आटा, लड्डू, कुकी एवं स्नैक्स—से जोड़ा जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मिलेट्स को केवल फसल नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा और स्वस्थ भविष्य की खेती के रूप में अपनाएं।

कार्यक्रम के अंत में महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कलेक्टर द्वारा जिले के प्रगतिशील किसानों को मिलेट्स के उन्नत बीज वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में जिले में उत्पादित विभिन्न मिलेट्स एवं उनसे बने पोषक व स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया। डॉ. खादर वल्ली ने धमतरी जिले के किसानों द्वारा उत्पादित मिलेट्स की सराहना करते हुए खेती के विस्तार हेतु किसानों को प्रेरित किया।


समापन अवसर पर जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग की ओर से पद्मश्री डॉ. खादर वल्ली को स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू, एसडीओ श्री मनोज सागर, अन्य अधिकारी एवं जिले के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।




Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !