गरियाबंद में अवैध शिकार पर करारा प्रहार, जंगल से घर तक पहुंची कार्रवाई
रायपुर। जंगलों में लगातार गश्त और निगरानी के बावजूद अवैध शिकार की घटनाएं पूरी तरह थम नहीं रही हैं। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले से वन विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां वन्यजीव मांस के साथ एक आरोपी को दबोचा गया है।
वन विभाग को मिली गोपनीय सूचना पर 1 जनवरी को परसुली परिक्षेत्र के ग्राम कोपेकसा में छापामार कार्रवाई की गई। सर्च वारंट के आधार पर सहायक वन संरक्षक नदीम कृष्णा बरिहा, आर.के. साहू और शिव प्रसाद ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने ग्रामीण नंदू ध्रुव (पिता–महेतर ध्रुव) के घर की तलाशी ली। इस दौरान बड़ी मात्रा में वन्यजीव का कच्चा और पका हुआ मांस बरामद किया गया। साथ ही एक लाइसेंसी भरमार बंदूक, एयर गन और अन्य हथियार भी जब्त किए गए।
बरामद मांस के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि राज्य में बढ़ती अवैध शिकार की घटनाओं को लेकर वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकों के बाद प्रदेशभर में कार्रवाई तेज की गई है, जिसके नतीजे अब सामने आने लगे हैं।
वन विभाग केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान भी चला रहा है। इन अभियानों के जरिए लोगों को वन और वन्यजीव संरक्षण का महत्व समझाया जा रहा है, साथ ही अवैध शिकार पर लगने वाले कड़े कानूनी दंड की जानकारी दी जा रही है, ताकि लोग ऐसे अपराधों से दूर रहें और प्रकृति की रक्षा में सहभागी बनें।

