धमतरी में चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
उत्तम साहू
धमतरी। सिहावा चौक क्षेत्र में देर रात हुए चाकू हमले के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी 2026 की रात सिहावा चौक के पास हिंदू अनाथालय के समीप विकाश मानिकपुरी, मनीष सिन्हा और रोहन ठाकुर बैठे हुए थे। इसी दौरान मोहल्ले का निवासी साहिल खत्री वहां पहुंचा। पूर्व में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने आपा खोते हुए मनीष सिन्हा पर धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पर विकाश मानिकपुरी के हाथ में भी चोट आई। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली धमतरी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने घटना में प्रयुक्त चाकू को सिहावा चौक स्टेशन पारा क्षेत्र की झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी। आरोपी के बताए स्थान से एक धारदार बटन/स्प्रिंग चाकू बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी मो. साहिल खत्री पिता इकबाल खत्री, उम्र 21 वर्ष, निवासी सिहावा चौक सुन्दरगंज वार्ड, थाना सिटी कोतवाली धमतरी के विरुद्ध धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे आपराधिक कृत्यों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

