जिले में अवैध रेत कारोबार पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई
जेसीबी, हाईवा व ट्रैक्टर जब्त, अवैध खनन के लिए बनाए गए रैंप नष्ट
उत्तम साहू
धमतरी, 14 जनवरी 2026। कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं खनिज अधिकारी श्री हेमंत चेरपा के मार्गदर्शन में जिला खनिज विभाग द्वारा जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन जांच और प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में बीते दो दिनों के दौरान खनिज विभाग की टीम ने अवैध रेत कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। 13 जनवरी 2026 को तहसील मगरलोड अंतर्गत ग्राम बुढ़ेनी में महानदी से अवैध रूप से रेत खनन कर परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। साथ ही नदी से अवैध रेत उत्खनन हेतु बनाए गए रैंप को तत्काल नष्ट कर दिया गया, ताकि भविष्य में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इसी प्रकार 14 जनवरी 2026 को तहसील मगरलोड के ग्राम करेलीछोटी में मध्य रात्रि के दौरान की गई कार्रवाई में अवैध रेत भंडारण में संलिप्त एक जेसीबी मशीन एवं एक हाईवा वाहन को जब्त किया गया। इस दौरान रात्रिकालीन चेकिंग अभियान के तहत लगभग 60 हाईवा वाहनों की जांच की गई, जिनमें रेत परिवहन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज सही पाए गए।
अवैध रेत भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) की धारा 21 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी श्री सुभाष साहू, खनिज निरीक्षक श्री जितेन्द्र चंद्राकर तथा खनिज सिपाहियों का सराहनीय एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिज संसाधनों के संरक्षण, अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, शासकीय राजस्व की हानि रोकने एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए खनिज विभाग द्वारा आगे भी ऐसी सतत एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

