ग्राम करेली बड़ी में 14 हेक्टेयर में विकसित होगा नया औद्योगिक क्षेत्र, 300 लोगों को मिलेगा रोजगार

0

 

ग्राम करेली बड़ी में 14 हेक्टेयर में विकसित होगा नया औद्योगिक क्षेत्र, 300 लोगों को मिलेगा रोजगार


उत्तम साहू 

धमतरी, 26 फरवरी 2026। जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम करेलीबाड़ी में 14.00 हेक्टेयर भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। लगभग 1011.05 लाख रुपये की लागत से विकसित होने वाले इस औद्योगिक क्षेत्र से निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी अधोसंरचना का समुचित विकास किया जाएगा। इसके तहत आंतरिक सड़कों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन नेटवर्क, प्रशासनिक भवन तथा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण शामिल है। यहां लगभग 8070 वर्गफीट से 53410 वर्गफीट तक के कुल 36 औद्योगिक भूखंड विकसित किए जाएंगे, जिससे लघु एवं मध्यम उद्योगों को स्थापित होने का अवसर मिलेगा।

परियोजना से लगभग 70 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही करीब 300 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।

रायपुर-दुर्ग से नजदीकी और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण धमतरी जिले में निवेशकों की रुचि बढ़ने की संभावना है। यह क्षेत्र आगे चलकर रायपुर-धमतरी इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित हो सकता है, जिससे जिले के समग्र आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।

राज्य सरकार द्वारा उद्योग संवर्धन, निवेश प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार की परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !