हाई स्कूल के पीछे जुआ खेलते 3 जुआरी गिरफ्तार, 3,100 रुपये व ताश जब्त
भखारा पुलिस की रेड कार्रवाई • जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत केस दर्ज • ऑनलाइन जुआ पर भी पुलिस की सख्ती जारी
उत्तम साहू
धमतरी, 24 फरवरी 2026। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भखारा पुलिस ने ग्राम जोरातराई में जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 3,100 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोरातराई हाई स्कूल के पीछे कुछ लोग ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही भखारा पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि तीन व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में होमेश मारकण्डेय (24) निवासी सिवनीकला कुरूद, रमेश कुमार साहू (55) निवासी भेडसर भखारा तथा प्रहलाद बघेल (23) निवासी सलोनी थाना मुजगहन रायपुर शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना भखारा में अपराध क्रमांक 18/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन थाना रूद्री और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में गंगरेल रिसॉर्ट में संचालित ऑनलाइन जुआ गतिविधि का भी भंडाफोड़ किया गया, जिसमें महेंद्रा एक्सयूवी 700 और दो मोबाइल समेत करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

