धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई: 34 पौवा अवैध देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
उत्तम साहू
धमतरी, 28 फरवरी 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से शराब परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 34 पौवा देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत 2,960 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना रूद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रूद्री चौक स्थित योगेश ऑटो सेंटर के पास अवैध शराब का परिवहन कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध अवस्था में खड़े आरोपी अशोक दास मानिकपुरी (40 वर्ष), निवासी आनंद पारा, रूद्री, को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बिना वैध दस्तावेज के 34 पौवा देशी शराब बरामद की गई, जिसमें 22 पौवा देशी प्लेन (कीमत 1,760 रुपये) और 12 पौवा देशी मसाला (कीमत 1,200 रुपये) शामिल है।
थाना रूद्री में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 11/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

