नशे में स्कूल पहुंचने और लगातार नदारद रहने वाले 3 कर्मचारी निलंबित, कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई
कांकेर। जिले के स्कूल शिक्षा विभाग में लापरवाही बरतने वाले तीन कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। कलेक्टर निलेश क्षीरसागर के निर्देश पर शराब पीकर स्कूल पहुंचने वाले प्रधान पाठक, लगातार अनुपस्थित रहने वाले शिक्षक और छात्रवृत्ति कार्य में लापरवाही बरतने वाले लिपिक को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोयलीबेड़ा विकासखंड के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की छात्रवृत्ति शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय कुमार बर्मन द्वारा छात्रवृत्ति पंजीयन कार्य को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था। उन्हें पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय पर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया। छात्रवृत्ति पोर्टल पर लंबित विद्यार्थियों की जानकारी नियमित रूप से जिला कार्यालय तक नहीं पहुंच रही थी। बीईओ के प्रतिवेदन के आधार पर उन्हें निलंबित करते हुए निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंतागढ़ निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार, विकासखंड कोयलीबेड़ा के प्राथमिक शाला आलदंड में पदस्थ सहायक शिक्षक एलबी सुबेसिंह ध्रुव लंबे समय से अपने कर्तव्यों से अनुपस्थित पाए गए। विभागीय जांच के बाद उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय किया गया है।
वहीं, प्राथमिक शाला राजामुंडा में पदस्थ प्रधान पाठक लबोधर सिंह ठाकुर के विरुद्ध शिकायत मिली थी कि वे शराब सेवन कर विद्यालय पहुंचते हैं। जांच में आरोप की पुष्टि होने पर उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय कोयलीबेड़ा नियत किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

