मां से किया आखिरी बात…फिर इंद्रावती में कूद कर आत्महत्या
जगदलपुर। एक मां के मोबाइल पर आई कॉल ने कुछ ही पलों में उसकी दुनिया उजाड़ दी। “अलविदा… अब नहीं लौटूंगा मां…”—19 वर्षीय तरुण दास की ये आखिरी बातें थीं। कॉल कटते ही वह शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित नए पुल से इंद्रावती नदी में कूद गया।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, तरुण ने मंगलवार रात अपनी मां को फोन कर कहीं दूर जाने और वापस न लौटने की बात कही। मां ने घबराकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। लगभग उसी समय एक युवक के नदी में छलांग लगाने की खबर भी पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। पुल के पास से युवक की चप्पल और मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी नदी में कूदने की पुष्टि की। रात का अंधेरा और तेज बहाव सर्च ऑपरेशन में बाधा बना, फिर भी देर रात तक तलाश जारी रही।
बुधवार सुबह दोबारा खोज अभियान शुरू किया गया। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद तरुण का शव नदी से बाहर निकाला गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की मां सीएसपी कार्यालय में पदस्थ महिला आरक्षक हैं, जबकि पिता पुलिस विभाग में सैनिक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों पिछले कई वर्षों से अलग रह रहे थे। चार भाई-बहनों में तरुण सबसे छोटा था।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से गुजर रहा हो, तो उससे खुलकर बात करें और आवश्यकता पड़ने पर पेशेवर मदद लेने के लिए प्रेरित करें। एक संवाद किसी की जिंदगी बचा सकता है।

