राज्य शासन की स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर का स्थल निरीक्षण
अधिकारियों को निर्देश—निर्धारित समय-सीमा में, गुणवत्ता व नियमानुसार हों सभी कार्य
उत्तम साहू,धमतरी, 7 फरवरी 2026।
जिले में शहरी विकास एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार प्रातः शहर में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों के स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, उपयोगिता एवं नियोजन का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत विंध्यवासिनी मंदिर के समीप स्थित नालंदा परिसर से की गई, जहां प्रस्तावित सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन के निर्माण स्थल का अवलोकन किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने इस परियोजना को विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं एवं शोधार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह धमतरी की शैक्षणिक पहचान को नई ऊँचाई प्रदान करेगी। राज्य शासन द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना हेतु 1121.94 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसके अंतर्गत 500 सीटर क्षमता वाली अत्याधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसमें आधुनिक पठन सुविधाएं, हरित विकास, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं शांत अध्ययन वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके पश्चात कलेक्टर ने दानिटोला वार्ड एवं जालमपुर प्राथमिक शाला मैदान में प्रस्तावित ऑक्सी जोन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्र नागरिकों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
निरीक्षण के दौरान कांटा तालाब परिसर में प्रस्तावित चौपाटी स्थल का भी अवलोकन किया गया। 196.27 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस चौपाटी से नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित मनोरंजन स्थल उपलब्ध होगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल मकई गार्डन का भी निरीक्षण किया तथा इसके सौंदर्यीकरण की संभावनाओं पर चर्चा की। शासन द्वारा मकई गार्डन के विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे पार्क को आधुनिक, आकर्षक एवं परिवार-अनुकूल स्वरूप दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि शहर के विकास से जुड़ी सभी परियोजनाएं नागरिकों की आवश्यकता एवं सुविधा को केंद्र में रखकर क्रियान्वित की जा रही हैं। सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में, गुणवत्ता के साथ एवं नियमानुसार पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं प्रभारी आयुक्त नगर निगम श्रीमती इंदिरा देवहारी, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, नगर निगम उपायुक्त श्री पी.सी. सारवा, कार्यपालन अभियंता श्री जगत ने मकई गार्डन, रेलवे स्टेशन एवं आंबेडकर चौक के समीप स्थित शासकीय भूमि का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

