नगरी के गोंडवाना भवन में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, महिलाओं को सशक्तिकरण का संदेश

0

 

नगरी के गोंडवाना भवन में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, महिलाओं को सशक्तिकरण का संदेश



उत्तम साहू 

नगरी। नगरी स्थित गोंडवाना भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकार, समानता और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और निर्णय लेने के अवसरों में समान अधिकार मिलने तथा समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के धार जिले से आईं सामाजिक कार्यकर्ता श्रद्धा कश्यप ने महिलाओं के भूमि अधिकारों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वे पिछले 35 वर्षों से भूमि अधिकार के मुद्दे पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर महिलाओं को किसान सम्मान निधि या किसान होने का अधिकार नहीं मिल पाता। वन अधिकार कानून के तहत पट्टों में नाम होने के बावजूद व्यवहारिक रूप से महिलाओं को उनका पूरा अधिकार नहीं मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए वनोपज आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया और घरों में बेटा-बेटी के बीच होने वाले भेदभाव को समाप्त करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सेवती दीदी चंदन बाहरा ने ग्रामसभा में महिलाओं की भागीदारी पर अपने विचार रखते हुए महिलाओं की एकता और सक्रिय सहभागिता की सराहना की। वहीं सविता साहू ने बेटियों की शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और समाज से बेटियों को समान अवसर देने की अपील की।

कार्यक्रम में ग्रामसभाओं की महिलाएं, स्वयं सहायता समूह की सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, वन आधारित आजीविका, समूह कार्य और कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और समाज में महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर मोहित बाई, उत्तरा बाई, सुकन बाई, माधुरी बाई (भैसमुड़ा), भुनेश्वरी, सावित्री बाई (खुदुरपानी), रूपेश्वरी, रजुला बाई (चारगांव), तुलसी बाई, सत्या बाई (मटिया बाहरा), बिसरी बाई, कन्या बाई (अरसीकनहर), पिंकी बाई, यमुनाबाई (तुमड़ीबहार), अंजनी ध्रुव, कुमारी बाई (गाताभराई), पार्वती, कुंती बाई (अर्जुनी) सहित खोज संस्था से नंदनी साहू, मीनाक्षी यादव, सिंधिया मरकाम, सत्यवती यादव और बरखा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !