127 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 72 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
उत्तम साहू
धमतरी, 21 अप्रैल 2026। धमतरी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 127 किलो से अधिक गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना सिहावा क्षेत्र के सांकरा फॉरेस्ट नाका में की गई, जहां ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे अवैध गांजा की खेप पकड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 20 अप्रैल की शाम वन विभाग द्वारा नियमित वाहन जांच के दौरान सांकरा नाका में एक सिल्वर रंग की कार MH10-DQ-4294 संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। वाहन को रोककर जांच की गई तो कार की डिक्की में भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
मौके पर थाना सिहावा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में विधिवत पंचनामा कार्रवाई करते हुए गांजा का वजन कराया, जिसमें कुल 127.09 किलोग्राम गांजा मिला। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 63 लाख 54 हजार 500 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त कार, दो मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 72 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (ख) (ii) (सी) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
- संदीप विष्णु खोत (41 वर्ष), निवासी अस्टा, जिला सांगली, महाराष्ट्र
- स्वप्नील मुलिक (31 वर्ष), निवासी अस्टा, जिला सांगली, महाराष्ट्र
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

