समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की योजनाओं की समीक्षा, ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारियों पर जोर

0

 समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की योजनाओं की समीक्षा, ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारियों पर जोर



उत्तम साहू 

धमतरी, 20 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की गहन एवं बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन लक्ष्यानुरूप, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने बताया कि आगामी 1 मई से 10 जून 2026 तक जिले में ‘सुशासन तिहार 2026’ (गुड गवर्नेंस फेस्टिवल) का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। 

उन्होंने निर्देश दिए कि 30 अप्रैल तक सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर लिया जाए, ताकि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जा सके। इन शिविरों में विशेष रूप से भूमि विवाद, बिजली, पेयजल, पेंशन, राशन कार्ड एवं अन्य शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रूप से भ्रमण कर जमीनी स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल की समस्या, हैंडपंप खराबी, विद्युत आपूर्ति या अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें हैं, तो उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को हैंडपंपों की नियमित मरम्मत एवं जल स्रोतों की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, साथ ही कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर सख्त निगरानी रखी जाए।

खाद्य विभाग को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा हितग्राहियों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आदिवासी विकास, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन एवं शहरी विकास विभागों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन सिंह सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !