सिहावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक समेत 22 हजार की संपत्ति जब्त
उत्तम साहू
नगरी/धमतरी, 11 अप्रैल 2026। धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम मल्हारी रानीगांव केनाल के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को अवैध कच्ची महुआ शराब परिवहन करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब, करीब 2 हजार रुपये नकद तथा CG-04 CT-7813 नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 22 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तीरनाथ मरकाम (45 वर्ष) निवासी ग्राम सिरसिदा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिहावा में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

